मैहर . देश में कृषि विधेयकों पर सियासी बयानबाजी जारी है। दिल्ली बॉर्डर पर नए कृषि कानून के खिलाफ जमे किसान टस से मस होने का नाम नहीं ले रहे। इसी के साथ मोदी सरकार पर विपक्ष ने हमले भी तेज कर दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह लगातार पीएम मोदी पर हमलावर हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी पर गंगा जल हाथ मे लेकर किसानों से झूठ बोलने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं के एमएसपी जारी रहने के बयान पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि आज एमएसपी से कम कीमतों पर अनाज बिक रहे हैं। पीएम मोदी किसान और मजदूदों के साथ अन्याय कर रहे हैं।
वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनपर संगत का गलत असर हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने देश के कई भाजपा शासित राज्यों में लाए जा रहे लव जिहाद कानून पर बीजेपी को घेरते हुए कहा कि क्या इस कानून से युवाओं को रोजगार मिल और देश की अर्थव्यवस्था ठीक हो जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज अपनी पत्नी के साथ मैहर के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने पत्नी संग मां शारदा मंदिर में पूजा अर्चना की।
COMMENTS